
पटना ( एम ए न्यूज डेस्क ) बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है. जहां शहर के एक घनी आबादी वाले इलाके में दो मासूम बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है. मृतक एक भाई और एक बहन बताए जा रहे हैं. घटना की पुष्टि सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी बिंदुओं पर छानबीन जारी है.

दो बच्चों के शव कार से बरामद
यह मामला पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र का है. दोनों बच्चों की उम्र 5 से 10 साल है. बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे घर से कोचिंग के लिए निकले थे. इसी बीच देर शाम को दोनों के शव बरामद हुए. इंद्रपुरी रोड-12, गोकुल पथ नाला के पास से शवों की बरामदगी हुई है.

लोगों ने पुलिस को दी सूचना
दरअसल, स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़ी एक कार से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोला, तो अंदर दो मासूम बच्चों के शव पड़े मिले. शवों की हालत देखकर आसपास के लोगों में कोहराम मच गया. मृतकों की पहचान भाई-बहन के रूप में हुई है.
कई घंटों से सड़क किनारे खड़ी थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस गाड़ी से शव बरामद हुए, वह पिछले कई घंटों से सड़क किनारे खड़ी थी. शुरुआत में किसी ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन तेज बदबू आने के बाद लोगों ने नजदीक जाकर देखा और घटना का पता चला.

एक्शन में पुलिस
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है. पुलिस का कहना है कि दोनों बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा. शुरुआती जांच में दम घुटने की आशंका और हत्या दोनों ही पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है.

दोनों बच्चों के शव कार से बरामद किए गए हैं. फिलहाल हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं. यह मामला बेहद संवेदनशील है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी सबूतों की जांच की जाएगी.
दीक्षा सिटी एसपी सेंट्रल पटना

तरह-तरह के कयास लगा रहे लोग
इधर, स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोग इसे अपहरण के बाद हत्या का मामला मान रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि बच्चों की मौत दम घुटने से हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया है.
खंगाला जा रहा है CCTV
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि कार वहां कब से खड़ा था और इसे किसने छोड़ा. साथ ही कार के मालिक और उसके हालिया इस्तेमाल की जानकारी जुटाई जा रही है.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हुए लोग
इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें. फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा. तब तक यह सवाल बना हुआ है कि क्या मासूमों की मौत एक हादसा है या फिर यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा.


