ब्रेकिंग न्यूज़पटनाबिहार

रामजानकी मठ के संचालक की शर्मनाक करतूत, दो बच्चियों के साथ अश्लील हरकत के आरोप में गिरफ्तार

पटना: (एम ए न्यूज डेस्क ) बिहार की राजधानी पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. ऐतिहासिक रामजानकी मठ के संचालक सुरेश कश्यप को दो नाबालिग बच्चियों के साथ अश्लील हरकत करने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश और अविश्वास का माहौल पैदा कर दिया है.

मठ के पास खेल रही बच्चियों को बनाया निशाना

21 अगस्त 2025 को हुई इस वारदात में, पीड़ित बच्चियों की मां द्वारा पालीगंज थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज की गई. शिकायत में बताया गया कि रामजानकी मठ के निकट खेल रही दो नाबालिग बच्चियों को सुरेश कश्यप ने बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाया.

बच्चियों को दिखाया अश्लील वीडियो

बताया जा रहा है कि मठ संचालक ने बच्चियों को अश्लील वीडियो दिखाए और उनके साथ अनुचित व्यवहार करने का प्रयास किया. बच्चियों के परिजनों ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और धमकाने की कोशिश की.

लागाई गईं गंभीर धाराएं

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 65(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके अलावा, पॉक्सो एक्ट 2012 की धारा 4/8 और अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v) भी लागू की गई है. ये धाराएं नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराध और जातिगत उत्पीड़न जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित हैं.

मठ संचालक का आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सुरेश कश्यप का पहले से ही एक लंबा और जघन्य आपराधिक इतिहास रहा है. पालीगंज, पटना के निवासी सुरेश कश्यप, पिता स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद गौरैया, के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि उसका आपराधिक रुझान इस घटना को और भी गंभीर बनाता है. जांच के दौरान और भी तथ्य सामने आने की संभावना है.

स्थानीय लोगों में रोष

इस घटना ने पालीगंज क्षेत्र में रहने वाले लोगों में रोष और भय का माहौल पैदा कर दिया है. मठ जैसे धार्मिक स्थल, जो आस्था और विश्वास का प्रतीक माने जाते हैं, वहां ऐसी वारदात ने लोगों को हतप्रभ कर दिया है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि “ऐसी घटनाएं न केवल बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठाती हैं, बल्कि धार्मिक स्थानों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पालीगंज थानाध्यक्ष ने तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत मामला दर्ज किया और आरोपी सुरेश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

क्या कहते हैं एसपी

पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि पीड़ित बच्चियों और उनके परिवार को न्याय मिले. जांच के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सुरेश कश्यप ने पहले भी ऐसी हरकतें की हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.

सूचना मिली कि दो नाबालिग बच्चियों को बहला फुसला कर, गंदी वीडियो दिखाकर कर मठ संचालक द्वारा गलत हरकत करने का प्रयास किया गया. मामले में पालीगंज थाना प्रभारी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. आगे मामले की जांच की जा रही है.

भानु प्रताप सिंह वेस्ट एसपी पटना

Related Articles

Back to top button