
पटना ( एम ए न्यूज डेस्क ) बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) करवा रहा है. पहले चरण में राज्य के 65 लाख से अधिक मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाया गया है. वहीं SIR के बहाने ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं. उनके साथ तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी और दीपांकर भट्टाचार्य समेत अन्य नेता भी यात्रा में चल रहे हैं. 17 अगस्त को इसकी शुरुआत हुई थी, 1 सितंबर को इसका पटना में समापन होगा.

1 सितंबर को यात्रा का आखिरी दिन
16 दिनों की वोटर अधिकार यात्रा का समापन एक सितंबर को पटना में होगा. राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन, दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी और के साथ-साथ इंडिया गठबंधन के तमाम घटक दलों के बड़े नेता इस यात्रा में शामिल होंगे. पहले समापन के दिन गांधी मैदान में बड़ी राजनीतिक रैली का कार्यक्रम था लेकिन बाद में इसे रद्द कर पदयात्रा ही करना पड़ा.
1 सितंबर को सुबह 10:50 पर गांधी मैदान के गांधी मूर्ति से वाटर अधिकार यात्रा निकलेगी, जो बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा के पास जाकर समाप्त होगी.
अविनाश पांडे राष्ट्रीय महासचिव कांग्रेस
गांधी से अंबेडकर यात्रा
अविनाश पांडे ने बताया कि पटना में इसका नाम ‘गांधी से अंबेडकर यात्रा’ नाम रखा गया है. जिसका नेतृत्व राहुल गांधी और तेजस्वी यादव करेंगे. यात्रा का रूट पटना के गांधी मैदान गांधी मूर्ति से शुरू होकर डाक बंगला चौराहा होते हुए कोतवाली थाना और इनकम टैक्स चौराहे से होते हुए नेहरू पथ पर पहुंचेगी. वहां से यात्रा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंचेगी, जहां पर यात्रा का विधिवत समापन होगा
वोटर के अधिकार की लड़ाई लड़ेंगे
वहीं कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने बातचीत में कहा कि वोटर अधिकार यात्रा समाप्त हो रही है लेकिन मतदाताओं की लड़ाई कांग्रेस आगे भी लड़ती रहेगी. गांधी मैदान में रैली को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अनुमति मांगी थी लेकिन जिला प्रशासन के द्वारा रैली की अनुमति नहीं दी गई. यही कारण है कि अब पटना में राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सभी बड़े नेता यात्रा निकालेंगे.
कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता इस समापन यात्रा को लेकर उत्साहित हैं. इसकी सफलता को लेकर कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हो रही है. वोटर अधिकार यात्रा में बिहार के लोगों ने राहुल जी को दिल खोलकर समर्थन दिया. इस पदयात्रा में भी बड़ी तादाद में लोग शामिल होंगे.
असित नाथ तिवारी, प्रवक्ता बिहार कांग्रेस
कांग्रेस का आरोप
प्रवक्ता असितनाथ तिवारी ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया कि गांधी मैदान में रैली को लेकर जिला प्रशासन से बार-बार अनुरोध किया गया लेकिन उन्हें रैली करने की अनुमति नहीं मिली. यही कारण है कि गठबंधन के नेताओं निर्णय लिया कि पटना में यात्रा के माध्यम से ही यात्रा का समापन किया जाए.

क्या बोला प्रशासन?
हालांकि पटना के अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) की ओर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि कांग्रेस सहित किसी भी व्यक्ति या दल की ओर से गांधी मैदान में रात्रि में रुकने या किसी अन्य कार्य के लिए अनुमति नहीं मांगी गई है. जिला प्रशासन पटना से दो अनुमति मांगी गई थी जो सभा एवं रैली के लिए थी. सभा के लिए अनुमति दे दी गई थी. रैली के लिए अनुमति माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुरूप कुछ प्रतिबंधों के साथ दी गई है.



