
पटना (एम ए न्यूज डेस्क ) राजधानी पटना के कदमकुंआ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपी नीरज पांडेय की हत्या की साजिश रच रहे थे. पकड़े गए आरोपियों की पहचान बैजू कुमार, करन कुमार, पंकज कुमार और गुड्डू कुमार के रूप में हुई है.

सौतेले भाइयों ने दी थी सुपारी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की सुपारी नीरज पांडेय के सौतेले भाइयों मनीष और विकास ने दी थी. आरोप है कि यह सुपारी आठ लाख रुपये में दी गई थी. परिवार के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था.
पुलिस ने रोकी बड़ी वारदात
मंगलवार शाम नीरज पांडेय ने कदमकुंआ थाने को फोन कर बताया कि कुछ लोग फकीरवाड़ा मस्जिद के पास उसकी हत्या की नीयत से उसका पीछा कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सौरभ नाम के युवक को पकड़ लिया. प्रारंभिक पूछताछ में सौरभ ने अपने सहयोगियों के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद बाकी आरोपियों को भी दबोचा गया.
मंगलवार की शाम नीरज पांडेय ने कदमकुंआ थाने की पुलिस को फोन कर जानकारी दी थी कि कुछ लोग उसकी हत्या की नियत से उसका पीछा कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ नाम के युवक को पकड़ लिया. सौरभ गांधी मैदान इलाके का रहने वाला है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपने सहयोगियों के बारे में जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाकी साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया.

दीक्षा एसपी सेंट्रल पटना
हथियार और वाहन बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास तलाशी में दो पिस्टल, दो देसी कट्टा, 18 जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन, पांच ब्लैक टोपी, दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार, एक बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद हुए. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.
मोबाइल सीडीआर व फोरेंसिक जांच होगी
सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर और फोरेंसिक जांच की जाएगी और जो भी साक्ष्य मिलेंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सौतेले भाइयों की भी गिरफ्तारी
शूटरों की निशानदेही पर पुलिस ने नीरज पांडेय के सौतेले भाइयों मनीष और विकास को भी गिरफ्तार कर लिया. दोनों के पास से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है और फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है.
इलाके में सनसनी
इस घटना से कदमकुंआ और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है. लोग हैरान हैं कि परिवार के ही सदस्यों ने हत्या की साजिश की. पुलिस का कहना है कि समय रहते सूचना मिलने और तेज कार्रवाई करने से एक बड़ी वारदात टल गई. मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.


