ब्रेकिंग न्यूज़पटनाबिहार

राजधानी पटना में बारिश का कहर, दीखा सीएम नीतीश के विकास 3 साल पुरानी सड़क, प्रशासन ने क्षेत्र किया सील

एम ए न्यूज डेस्क: नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना: राजधानी पटना में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. शनिवार की सुबह बारिश के कारण मीठापुर सब्जी मंडी के पास बने नाले पर स्थित तीन साल पुरानी सड़क अचानक धंस गई. करीब 10 फीट तक सड़क का हिस्सा धंस जाने से वहां से गुजर रही दो गाड़ियां इसमें फंस गईं. हालांकि, स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से वाहनों को बाहर निकाल लिया गया.

मरम्मती कार्य में जुटी टीम

घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर यातायात रोक दिया गया. प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धंसी हुई सड़क के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है ताकि कोई वाहन या राहगीर वहां से न गुजर सके. मौके पर नगर निगम की टीम भी राहत और मरम्मती कार्य में जुटी है.

गुणवत्ता पर सवाल

स्थानीय निवासी रंजीत कुमार ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा ‘यह अचानक धंसाव नहीं हो सकता. सड़क नाले पर बनायी गयी है. इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े होते हैं. इसकी जांच होनी चाहिए कि आखिरकार यह हादसा क्यों हुआ. आसपास के दुकानदारों का कहना है कि नाले की सफाई और मरम्मत लंबे समय से नहीं हुई थी. लगातार बारिश के कारण दबाव बढ़ा और सड़क धंस गई.

पटना के इन इलाकों में जलजमाव

मौसम विभाग ने पहले ही बिहार के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था. पिछले 24 घंटों में पटना और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हुई है. शहर के प्रमुख इलाकों में राजेन्द्र नगर, कंकड़बाग, कदमकुआं और दीघा में भी सड़कों पर पानी भर गया है. ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है. प्रशासन का कहना है कि सड़क धंसने के कारण मीठापुर मंडी जाने वाले मार्ग को फिलहाल बंद कर दिया गया है.

4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक अलर्ट

इधर, बिहार में बारिश को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम सेवा केन्द्र पटना ने 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक अलर्ट जारी किया है. इस दौरान भारी वर्षा, वज्रपात, 40-60 किमी/घंटा की गति से आंधी-तूफान के चलने का पूर्वानुमान है.

इन जिलों में अलर्ट

आपदा प्रबंधन विभाग ने मुजफ्फरपुर तथा पूर्वी चंपारण जिले में रेड अलर्ट तथा पटना, वैशाली, गया, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, औरंगाबाद, सीतामढ़ी, शिवहर, मुंगेर, भोजपुर, सीवान, सारण, अरवल, जहानाबाद, मधुबनी, खगड़िया तथा सहरसा जिला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

नदियों के जल ग्रहण क्षेत्रों भारी बारिश

उत्तरी एवं पूर्वी भागों से अति भारी वर्षा होने के साथ उत्तर बिहार के नदियों के जल ग्रहण क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है. जिसके फलस्वरूप उत्तर बिहार के नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है.

नागरिकों से अपील

अनावश्यक घर से बाहर ना निकलें
किसी पेड़, बिजली के खंभे या कमजोर आधारभूत संरचना के नीचे शरण ना लें
तटबंध क्षेत्र के निचले हिस्से में बसे नागरिक ऊंचे स्थान पर चले जाएं
नदी, तालाब, नहर या किसी भी जल स्त्रोत से दूर रहे और अपने बच्चों को भी दूर रखें
खुले खेतों में वर्षा और वज्रपात के समय कृषि कार्य ना करें

पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें, खुले में ना बांधे
किसी भी आपात स्थिति की सूचना राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र के हेल्पलाइन नम्बर 0612-2294204/205, तथा आपातकालीन सहायता नंबर 1070 पर दें

Related Articles

Back to top button