पटना के मीनार घाट पर मूर्ति विसर्जन की तैयारियों का पुलिस ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना, 20 अक्टूबर 2026। दुर्गा पूजा के अवसर पर मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पटना पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार की संध्या पटना के दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत मीनार घाट पर विसर्जन स्थल और उससे जुड़े मार्गों का भौतिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (फुलवारीशरीफ-01) नारायण उपाध्याय एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था-02) सुषमा सागर द्वारा किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थल और संबंधित मार्गों की स्थिति का जायजा लिया तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।

अधिकारियों ने मौके पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ को व्यवस्थित रखने और मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
पटना पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
पटना पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित एवं अनुमति प्राप्त मार्गों का ही उपयोग करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

पुलिस का उद्देश्य दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर सकें।
पटना पुलिस का संदेश है—आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।



