
होली के रंग में इस बार मध् निषेध विभाग ने भंग डाल दिया है। राजधानी पटना में होली से पहले अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर पटना के पुरानी जक्कनपुर स्थित देवी स्थान के पास एक खंडहरनुमा मकान में छापेमारी की गई, जहां होली के लिए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब का भंडारण किया जा रहा था।
मध् निषेध विभाग के इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार को मिली सूचना के बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एएसआई मनीष कुमार और सिपाही विवेक, मनीष, अमरेश एवं पुरुषोत्तम के साथ संयुक्त छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष चौधरी और आलोक कुमार के रूप में हुई है, जो पुरानी जक्कनपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
इस पूरे मामले पर मध् निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि होली को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।



