साइबर थाना की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल-एटीएम कार्ड समेत कई सामान
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

राजधानी पटना में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना कांड संख्या 53/26 के तहत की गई छापेमारी में कुल 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन मुख्य साइबर ठग और तीन म्यूल अकाउंट धारक शामिल हैं, जिन्होंने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते गिरोह को उपलब्ध कराए थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह भोले-भाले लोगों को 15 प्रतिशत कमीशन का झांसा देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लेता था। इन खातों के जरिए करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेन-देन किया गया। ठगी की रकम को सीधे मुख्य आरोपियों के खाते में न भेजकर पहले ‘म्यूल अकाउंट’ में ट्रांसफर किया जाता था, फिर कई खातों में घुमाकर आखिर में नकद निकासी कर ली जाती थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। जब्त डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस गिरोह के मास्टरमाइंड और इसके अंतरराज्यीय नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
साइबर डीएसपी नीतीश चन्द धारियां ने बताया कि गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था और देश के विभिन्न राज्यों में बैठकर लोगों को निशाना बना रहा था। तीन ओरिजिनल अकाउंट होल्डरों की गिरफ्तारी से गिरोह के आर्थिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या दस्तावेज उपलब्ध न कराएं। कमीशन के लालच में खाता देना भी साइबर अपराध में सहभागिता माना जाता है और इस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होती है।
संदिग्ध लेन-देन या ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा है कि जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।



