मुख्यमंत्री नीतीश पहुंचे महादलित टोले में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं को वितरण भी किया ।

पटना ( एम ए न्यूज डेस्क ) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना जिले में पुनपुन प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत स्थित डिहरी मुसहरी महादलित टोले में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में पहुंचे इस अवसर पर सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को भी लाभ वितरण किया गया।

राज्य सरकार समावेशी विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। विकास की मुख्यधारा से ‘आखिरी व्यक्ति’ को जोड़ने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों में से एक है स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी जिलों के महादलित टोलों में झंडोत्तोलन एवं विशेष समारोह का आयोजन। इस विशेष कार्यक्रम की शुरूआत वर्ष 2011 में हुई। इस कार्यक्रम में उस महादलित टोले के बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा झंडोत्तोलन किया जाता है।

जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है तथा उस जिले के प्रभारी मंत्री भी इस आयोजन में सम्मिलित होते हैं। इसके अतिरिक्त जिले में पदस्थापित सभी वरीय पदाधिकारी विभिन्न महादलित टोले में जाकर इन आयोजनों में हिस्सा लेते हैं।

इस अवसर पर स्थानीय निवासियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभ प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जानकारी भी दी जाती है।


