दानापुर में स्व. दीपक मेहता की प्रतिमा का अनावरण, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रहे मौजूद

पटना ( एम ए न्यूज डेस्क ) दानापुर नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को स्वर्गीय दीपक मेहता की प्रतिमा का अनावरण बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर नगर परिषद की वर्तमान अध्यक्ष और स्व. मेहता की पत्नी शिल्पी मेहता, समाजसेवी रिकी सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में शिल्पी मेहता ने कहा कि आज दीपक जी की प्रतिमा का अनावरण हुआ और वे जन-जन की यादों में बस गए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि दीपक जी के कई सपने अधूरे रह गए थे,

लेकिन जनता ने उन्हें भरोसा दिया और वे उनके अधूरे सपनों को पूरा करने में लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का अपार स्नेह और विश्वास यह साबित करता है कि दीपक जी का अधूरा सपना जनता और वे मिलकर अवश्य पूरा करेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्व. मेहता को याद करते हुए कहा कि वे एक आदर्श नेता थे और दानापुर की जनता के बीच उनकी गहरी पकड़ थी। हर वर्ग के लोग उन्हें अपना नेता मानते थे। उन्होंने कहा कि दीपक मेहता आज भी दानापुर की जनता के दिलों में जिंदा हैं और हम सब उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।


