सहरसा से लापता पांच नाबालिग लड़कियां लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर बरामद
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट सहरसा/लखनऊ:

बिहार के सहरसा जिले से लापता हुई पांच नाबालिग लड़कियां उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर ली गई हैं। सहरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लखनऊ जीआरपी और आरपीएफ के सहयोग से सभी बच्चियों को रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी को सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरही गांव की पांचों बच्चियां घर के पास बहियार में घास काटने निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। एक साथ पांच बच्चियों के लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहरसा एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने संभावित रूट को खंगालते हुए रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट जारी किया और लापता बच्चियों की तस्वीर व विवरण आरपीएफ व जीआरपी को भेजा। 28 फरवरी की रात ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर टीटीई, रेलकर्मियों, आरपीएफ और जीआरपी की सतर्कता से पांचों बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

रेस्क्यू की सूचना मिलते ही परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बच्चियों के सकुशल मिलने पर पुलिस प्रशासन का आभार जताया। वहीं, एसआईटी का नेतृत्व कर रहे डीएसपी केपी सिंह ने बताया कि बरामदगी के तुरंत बाद सहरसा पुलिस की टीम लखनऊ रवाना हो गई थी और बच्चियों को वापस लाया जा रहा है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि घास काटने निकली बच्चियां लखनऊ तक कैसे पहुंचीं। क्या इसके पीछे किसी गिरोह या मानव तस्करी का एंगल है, इसकी जांच की जा रही है। बच्चियों के बयान के बाद पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

गांव में बच्चियों की सकुशल वापसी को लेकर खुशी का माहौल है, वहीं पुलिस भी आगे की जांच में जुट गई है।



