बिहार में हाई अलर्ट, दिल्ली ब्लास्ट के बाद, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड पर सुरक्षा बलों की तैनाती
एम ए न्यूज डेस्क: नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार की शाम हुए कार ब्लास्ट की घटना के बाद बिहार में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-01 के सामने हुए इस धमाके को देखते हुए बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने पूरे राज्य में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं. डीजीपी ने कहा है कि किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके साथ ही सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने का आदेश दिया गया है.
सभी महत्वपूर्ण भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बढ़ी सुरक्षा
अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) के आदेशानुसार जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य के सभी महत्वपूर्ण स्थलों, धार्मिक संस्थानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए. पत्र में साफ निर्देश दिया गया है कि देश की राजधानी में हुई घटना को देखते हुए बिहार में पूर्ण सतर्कता आवश्यक है.
डीजीपी कार्यालय ने दिशा-निर्देशों के लिए पत्र किया जारी
डीजीपी कार्यालय से जारी पत्र के दिशा-निर्देशों में राज्य के प्रमुख संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने को कहा गया है. इनमें गया का महाबोधि मंदिर, पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर, बरौनी रिफाइनरी, बरौनी पाइपलाइन, एनटीपीसी बाढ़, गुरु गोविंद साहब गुरुद्वारा, इण्डियन ऑयल टर्मिनल सिपारा, और राज्य के तीनों एयरपोर्ट-पटना, गया और दरभंगा शामिल हैं. इन सभी स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने और गश्त को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं.
महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों और आवासों की बढ़ी सुरक्षा
महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों जैसे माननीय उच्च न्यायालय, अन्य न्यायालयों, विधानसभा, विधान परिषद, सचिवालय, राजभवन, मुख्यमंत्री आवास और विशिष्ट व्यक्तियों के आवास की सुरक्षा भी कड़ी की गई है. पुलिस को इन इलाकों में आने-जाने वालों पर नजर रखने, वाहनों की सघन जांच करने और अज्ञात व्यक्तियों से सतर्क रहने के आदेश मिले हैं
धार्मिक आयोजनों की विशेष निगरानी
डीजीपी ने यह भी निर्देश दिया है कि धार्मिक स्थलों, धार्मिक आयोजनों और धर्म विशेष से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. इसी तरह, सभी जिलों में मॉल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, होटल, रेस्टोरेंट, स्कूल, अस्पताल और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाई जाए.
होटल, लॉज, धर्मशालाओं की सघन जांच
साथ ही होटल, लॉज, धर्मशालाओं और मुसाफिरखानों की भी सघन जांच का आदेश दिया गया है. पुलिस को इन स्थानों पर ठहरने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जांच करने को कहा गया है.
संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने के आदेश
बिहार पुलिस ने सभी जिला पुलिस कप्तानों से कहा है कि वे अपने क्षेत्र के Vulnerable Locations और High Footfall Areas पर लगातार गश्त करें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दें.
बिहार पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार-डीजीपी
डीजीपी विनय कुमार ने कहा है कि दिल्ली में हुई घटना को गंभीरता से लिया गया है और बिहार पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें.


