दीघा टॉप जेपी सेतु क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क अंकित कुमार मिश्रा के रिपोर्ट पटना से

पटना के दीघा टॉप जेपी सेतु क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आज दिनांक 13 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों की पहचान दीपक कुमार और पंकज कुमार के रूप में की गई। तलाशी के क्रम में उनके पास से अंग्रेजी शराब ओल्ड मंक XXX रम की कुल 12 बोतलें बरामद की गईं। प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी, इस प्रकार कुल 9 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

पुलिस ने अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR01FM1988 है, को भी मौके पर ही विधिवत रूप से जप्त कर लिया। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को बरामद शराब और जप्त मोटरसाइकिल के साथ अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई के लिए दीघा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


