सघन वाहन चेकिंग और रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश, फरार अपराधियों पर शिकंजा
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

राजधानी पटना में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस एक्शन मोड में है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्र के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण और अनुसंधान को तेज करने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।

आज दिनांक 09 मार्च 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पटना परिचय कुमार की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्र के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।

बैठक के दौरान लंबित एवं हाल के मामलों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान कार्यों में तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही गंभीर और जघन्य कांडों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अपराध नियंत्रण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सघन वाहन चेकिंग, रात्रि गश्ती, फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्रवाई करने का भी निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।



