पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

IPS आलोक राज का BSSC अध्यक्ष पद से इस्तीफा, एक सप्ताह के अंदर छोड़ा पद

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना : बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) के नवनियुक्त अध्यक्ष और पूर्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक राज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.

BSSC अध्यक्ष आलोक राज का इस्तीफा

आलोक राज ने इसी साल 1 जनवरी 2026 को BSSC अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला था. ऐसे में महज कुछ ही दिनों के भीतर उनके इस फैसले ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है. आलोक राज ने अपना इस्तीफा सामान्य प्रशासन विभाग को सौंप दिया है.

कई सवाल खड़े हो रहे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपने त्यागपत्र में आलोक राज ने इस्तीफे का कारण व्यक्तिगत बताया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पूर्व में जारी अधिसूचना के अनुसार, आलोक राज को इस पद पर पांच वर्षों की अवधि या 65 वर्ष की आयु तक, जो भी पहले हो, के लिए नियुक्त किया गया था. ऐसे में इतने कम समय में उनके पद छोड़ने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

कौन हैं आलोक राज?

आलोक राज 1989 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं. वे बिहार पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और महानिदेशक (DGP) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. सेवानिवृत्ति के बाद राज्य सरकार ने उन्हें BSSC जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील आयोग की जिम्मेदारी सौंपी थी. प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध परीक्षा आयोजन और चयन प्रक्रिया में सुधार की उम्मीदों के साथ उनकी नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा था.

चर्चाओं का बाजार गर्म

आलोक राज के इस्तीफे के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या इसके पीछे सिर्फ निजी कारण हैं या फिर कोई और वजह भी है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार फिलहाल इस्तीफे के पीछे किसी विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि इतनी जल्दी लिए गए फैसले ने अटकलों को जरूर जन्म दे दिया है. राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं.

BSSC अध्यक्ष का पद रिक्त होने से आयोग की कार्यप्रणाली पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. बिहार कर्मचारी चयन आयोग राज्य की कई महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करता है. ऐसे में आगामी परीक्षाओं, लंबित परिणामों और भर्ती प्रक्रियाओं पर इसका प्रभाव पड़ सकता है. आयोग पहले से ही कई परीक्षाओं के परिणाम और नियुक्तियों को लेकर दबाव में है. ऐसे में इस स्थिति में शीर्ष पद का खाली होना एक नई चुनौती के रूप में देखा जा रहा है

कौन होगा अगला अध्यक्ष?

अब सभी की निगाहें बिहार सरकार पर टिकी हैं कि आलोक राज का इस्तीफा कब तक स्वीकार किया जाता है और उनके स्थान पर किसे BSSC अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाती है. माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही इस पद पर नई नियुक्ति को लेकर फैसला ले सकती है, ताकि आयोग के कामकाज पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.

Related Articles

Back to top button