बिहारब्रेकिंग न्यूज़मोतिहारी

होली से पहले शराब पार्टी का भंडाफोड़, सदर अस्पताल का क्लर्क समेत 5 हिरासत में

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट

मोतिहारी में होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए शहर के होटलों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छतौनी थाना क्षेत्र स्थित सिमरन होटल में शराब पार्टी करते हुए होटल मालिक समेत पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार एएसपी हेमंत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमरन होटल में कुछ लोग बैठकर शराब पार्टी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एएसपी हेमंत सिंह, प्रभारी सदर एसडीओ अरुण कुमार तथा डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम जब होटल के कमरा नंबर 301 में पहुंची तो वहां शराब पार्टी की तैयारी के स्पष्ट संकेत मिले। कमरे में टेबल पर अंडा, मीट और चावल के साथ खाने-पीने का सामान सजा हुआ था तथा तीन ग्लास भी रखे हुए थे।

पुलिस ने होटल के अन्य कमरों की भी सघन तलाशी ली, हालांकि दूसरे कमरों से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। कमरे में मौजूद पांच लोगों को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है, जिसमें सदर अस्पताल का क्लर्क अर्पण कुमार भी शामिल है।

सभी संदिग्धों की शराब सेवन की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराई जा रही है। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के मोबाइल फोन समेत अन्य सामान की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button