Site icon M A NEWS OFFICIAL

बिहटा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी घायल, एक ने किया सरेंडर

पटना: राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए कुख्यात अपराधी अवधेश उर्फ विदेशिया समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे अपराधी ने मौके पर आत्मसमर्पण कर दिया। पूरे घटनाक्रम की जानकारी पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने मीडिया को दी।

पुलिस को आसूचना संकलन के आधार पर सूचना प्राप्त हुई थी कि पूर्व से वांछित अपराधी अवधेश उर्फ विदेशिया अपने कुछ सहयोगियों के साथ बिहटा थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान शुरू किया।

पुलिस की त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई के दौरान अवधेश उर्फ विदेशिया और उसके दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों से जब प्रारंभिक पूछताछ की गई तो तीनों ने पूर्व में घटित एक हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पूछताछ में अपराधियों ने यह भी खुलासा किया कि आगामी वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार बिहटा थाना क्षेत्र के एक गुप्त स्थान पर छिपाकर रखे गए हैं।

इसके बाद पुलिस टीम अपराधियों की निशानदेही पर बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस के अनुसार जैसे ही टीम हथियार बरामदगी के लिए आगे बढ़ी, उसी दौरान छिपाए गए हथियारों का इस्तेमाल करते हुए अपराधियों ने अचानक पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बावजूद पुलिस टीम ने संयम, सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी अवधेश उर्फ विदेशिया और पप्पू राय के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी दीपक कुमार ने हालात बिगड़ते देख पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तीनों अपराधियों को तत्काल कब्जे में लेकर सुरक्षा के बीच इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

सूत्रों के अनुसार अवधेश उर्फ विदेशिया लंबे समय से कई संगीन मामलों में वांछित था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। माना जा रहा है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो क्षेत्र में कोई बड़ी आपराधिक घटना घट सकती थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है। साथ ही अपराधियों के आपराधिक इतिहास, हथियारों के नेटवर्क और संभावित गैंग कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई को लेकर पटना पुलिस ने इसे अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया है।

Exit mobile version