क्राइमपटनाबिहार

पटना के होटल में इंग्लैंड के रिटायर्ड अधिकारी की रहस्यमयी मौत, आख़िरी कॉल किसे की थी?

एम ए न्यूज डेस्क, नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना: राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी की संदिग्ध मौत हो गई है. मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो इंग्लैंड में बिजली विभाग में अधिकारी रह चुके थे. वो सेवानिवृत्ति होने के बाद भारत आए थे और पिछले 9 दिनों से यानि 18 जनवरी से होटल के कमरा नंबर 103 में ठहरे हुए थे.

ब्रिटिश अधिकारी की संदिग्ध मौत

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है. होटल कर्मियों के अनुसार, अजय कुमार शर्मा 18 जनवरी की रात करीब 10 बजे होटल पहुंचे थे और लगातार उसी कमरे में ठहरे हुए थे. कमरे का किराया 1500 रुपये प्रतिदिन था.

अजय कुमार शर्मा ने मंगाया था फ्रूट्स

होटल के कर्मचारी अमित कुमार ने बताया कि रविवार को मृतक किसी काम से बाहर गए थे और शाम 4 बजकर 28 मिनट पर वापस होटल लौटे. कमरे में जाने के बाद उन्होंने फोन कर बताया कि उन्हें खाना खाने का मन नहीं है और केवल फल मंगा देने को कहा. इसके बाद होटल की ओर से केला और संतरा उनके कमरे में पहुंचा दिया गया.

अगले दिन नहीं आया कोई कॉल

अमित कुमार ने बताया कि रात करीब 9 से 10 बजे के बीच मृतक ने एक बार फिर कॉल कर वाई-फाई की स्थिति के बारे में पूछा था. उन्हें बताया गया कि नेटवर्क में थोड़ी समस्या है. इसके बाद कोई कॉल नहीं आया. अगली सुबह से उनके कमरे में किसी तरह की गतिविधि नजर नहीं आई. न तो बाहर आने-जाने की हलचल थी और न ही किसी तरह का फोन आया.

सुबह कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो होटल कर्मियों को शक हुआ. इसी दौरान मृतक को कहीं ले जाने वाले ड्राइवर ने भी होटल में फोन कर बताया कि अजय कुमार शर्मा कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं. इसके बाद होटल स्टाफ ने दोबारा दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला.

अमित कुमार होटल कर्मी

होटल वालों ने बुलाई पुलिस

दोपहर करीब 3 बजे जक्कनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की गई, जहां अजय कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ. घटना की जानकारी मिलने पर सदर एएसपी अभिनव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने होटल के कर्मचारियों और मालिक से पूछताछ की. साथ ही होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और रिसेप्शन पर मौजूद एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की भी जांच की गई.

भारतीय मुद्रा और ब्रिटिश पाउंड भी बरामद

पुलिस को मृतक के पास से एक सूटकेस मिला है, जिसमें उनके परिवार के अन्य सदस्यों से संबंधित जानकारियां और दस्तावेज मौजूद थे. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर पटना पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की सूचना दी. मृतक के पास से भारतीय मुद्रा और ब्रिटिश पाउंड भी बरामद किए गए हैं, जिनकी विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई है.

क्या कहती है पुलिस?

जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज ने बताया कि सूचना मिली जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच की जा रही है. वहीं उनके परिजनों की भी इसकी सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के लिए मच भेज दिया गया है, फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है

ऋतुराज, थाना प्रभारी, जक्कनपुर

Related Articles

Back to top button