क्राइमपटनाबिहार

NEET छात्रा हत्या–बलात्कार मामला: AIPWA–AISA निकालेगा ‘बेटी बचाओ–न्याय यात्रा’, 11 फरवरी को विधानसभा मार्च ।

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से ।

पटना, 27 जनवरी 2026।
पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की हत्या और बलात्कार के मामले ने बिहार की राजनीति और प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। एफएसएल जांच में बलात्कार की पुष्टि के बाद पुलिस की शुरुआती दावों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

AIPWA की महासचिव कॉमरेड मीना तिवारी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार में महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ हिंसा अब अपवाद नहीं, बल्कि खतरनाक चलन बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बलात्कार से इनकार किया, जो सच्चाई को दबाने की कोशिश है।

 

मीना तिवारी ने कहा कि पीड़ित छात्रा ने अस्पताल में अपनी मां के सामने यौन उत्पीड़न की बात स्वीकार की थी और परिजनों ने शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देखे थे। इसके बावजूद पुलिस का रवैया संदेह के घेरे में है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस को बिना रिपोर्ट के निष्कर्ष देने का अधिकार किसने दिया और किसके दबाव में ऐसा किया गया।

पीड़ित परिवार SIT जांच से संतुष्ट नहीं है और CBI जांच की मांग कर रहा है। AIPWA–AISA का कहना है कि यदि सरकार की नीयत साफ है, तो स्वतंत्र जांच से डर क्यों?

इन घटनाओं के खिलाफ AIPWA–AISA द्वारा ‘बेटी बचाओ–न्याय यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा जहानाबाद से शुरू होकर औरंगाबाद समेत मगध रेंज के विभिन्न जिलों से गुज़रेगी।
3 फरवरी को जन सुनवाई, 4 से 10 फरवरी तक न्याय यात्रा और 11 फरवरी को विधानसभा मार्च आयोजित किया जाएगा।

संवाददाता सम्मेलन में AIPWA की महासचिव कॉमरेड मीना तिवारी के साथ दिव्या गौतम, AISA की प्रदेश अध्यक्ष प्रीति कुमारी और राज्य सह-सचिव कुमार दिव्यम मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button