
पटना ( एम ए न्यूज डेस्क ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर किए गए आपत्तिजनक टिप्पणी को एनडीए ने गंभीरता से लिया है और आगामी 4 सितंबर को बिहार बंद का आह्वान किया गया है. सुबह सात बजे से 12 बजे तक बंद का ऐलान किया गया है. इस बंद का ट्रेनों पर असर नहीं पड़ेगा. इसकी घोषणा एनडीए के प्रदेश अध्यक्षों ने की.
संवाददाता सम्मेलन में हुआ बंद का एलान
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से बीजेपी दफ्तर में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया. एनडीए घटक दल के तमाम प्रदेश अध्यक्ष ने संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा लिया. तमाम राजनीतिक दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर दुख व्यक्त किया.
4 सितंबर को बिहार बंद रहेगा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि विपक्ष के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर असंसदीय शब्द का उपयोग किया गया है. यह लोकतांत्र को कलंकित करने वाला है. मां को सम्मान देने के बदले मां -बहन प्रति यही सम्मान देते हैं?
4 सितम्बर को बिहार बंद किया गया है. महिला मोर्चा की ओर से बंद बुलाया गया है. तमाम नेता और घटक दल उन्हें समर्थन देंगे. सुबह 7 बजे से 12 बजे तक बन्द रहेगा. बंद के दौरान रेल, आपात सेवाएं चालू रहेगी.
दिलीप जायसवाल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
महागठबंधन नेताओं के अंदर अहंकार है
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं के द्वारा खुले मंच से अपशब्द का प्रयोग किया जाना दुखद है. यह न केवल राजनीतिक जीवन के लिए बल्कि लोकतंत्र का अपमान है.
महागठबंधन के नेताओं के अंदर अहंकार भरा है. उन्होंने अब तक मांफी नहीं मांगी है. बिहार की जनता इस अपमान का बदला लेगी. हम सभी आम लोगों से आग्रह करेंगे कि इस बंद में शामिल हों.
उमेश कुशवाहा जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष
NDA के तमाम दलों ने किया बंद का समर्थन
लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि ये उन लोगों (महागठबंधन) की संस्कृति है. उन्होंने चिराग पासवान की मां को लेकर भी अपशब्द का प्रयोग किया था. यह मां शब्द का अपमान किया है. 4 सितंबर को कार्यक्रम होन था कार्यक्रम को बिहार बंद के बाद किया जाएगा.
हम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार ने कहा कि मां के नाम को लेकर गाली दी गई. इससे यह एक बार फिर से साबित किया कि गुंडाराज था, एक दहशत का माहौल बना हुआ था, उस संस्कृति का प्रचार किए हैं. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि महागठबंधन के लोग गुंडाराज का परिचय दे रहे हैं. इस चीज को एक बार फिर से बिहार की जनता ने याद कर लिया है. इसका जवाब आगे आने वाले चुनाव में देगा.
PM ने पहली बार दी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार राज्य जीविका निधि क्रेडिट कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर हमला किया. 2 सितंबर को पीएम ने कहा कि भारत की धरती ने मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया है. मेरी उस मां को गाली दी गई, जिस मां ने मुझे देशसेवा का आशीर्वाद देकर खुद से दूर जाने दिया था.
दरभंगा में अपमानजनक टिप्पणी
बता दें कि बीते दिनों कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम मोदी और उनकी मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी. दरभंगा में कांग्रेस के मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था. पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इस घटना के बाद से एनडीए हमलावर रुख अख्तियार किए हुए है.


