पटना पुलिस की पहल: जनता दरबार से मिलेगा समस्याओं का त्वरित समाधान
एम ए न्यूज डेस्क: नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना पुलिस द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और विधि-सम्मत समाधान के उद्देश्य से जनता दरबार सह भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष पहल नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना श्री भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में की जा रही है, ताकि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके।
इस कार्यक्रम के तहत नागरिक अपनी स्थानीय समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे वरीय पुलिस अधिकारी के समक्ष रख सकेंगे। इससे न केवल शिकायतों के समाधान में तेजी आएगी, बल्कि पुलिसिंग व्यवस्था में पारदर्शिता और भरोसा भी मजबूत होगा।
जानकारी के अनुसार, जनता दरबार का आयोजन 29 दिसंबर 2025 को दानापुर थाना परिसर तथा 02 जनवरी 2026 को नौबतपुर थाना परिसर में किया जाएगा। दोनों ही कार्यक्रम दोपहर 02:00 बजे से शुरू होंगे।
पटना पुलिस ने पश्चिमी क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अपने संबंधित थाना परिसर में पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें या सुझाव वरीय अधिकारी के समक्ष रखें। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जनता को त्वरित न्याय और प्रभावी समाधान मिलेगा, साथ ही पुलिस-जन सहयोग भी और मजबूत होगा।


