पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

खगौल थाना क्षेत्र से 4.8 किलो मादक पदार्थ के साथ तस्कर गिरफ्तार

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से ।

पटना: राजधानी पटना में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खगौल थाना क्षेत्र के नैनचक मुस्तफापुर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने करोड़ों रुपये की हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर खगौल थाना पुलिस ने टीम बनाकर नैनचक मुस्तफापुर गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से कुल 4.846 किलोग्राम हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि नशे की यह खेप मुख्य रूप से नॉर्थ ईस्ट के इलाकों से लाई जाती थी। अधिकतर मामलों में ट्रेन के माध्यम से इन मादक पदार्थों की सप्लाई की जाती थी और तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल लोगों को माल लाने के बदले करीब एक लाख रुपये दिए जाते थे।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है, जबकि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही पटना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें। इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर 8102488655 जारी किया गया है और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है।

Related Articles

Back to top button