फर्जी कागजात से जमीन कब्जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी: डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट।

छपरा (सारण): बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जमीन विवाद और भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फर्जी कागजात बनाकर जमीन कब्जाने वाले माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर संपत्ति जब्त की जाएगी।
डिप्टी सीएम आज छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में आयोजित ‘भूमि सुधार जनकल्याण संवाद’ कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने जिलाधिकारी को सारण जिले में सक्रिय भू-माफियाओं की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भूमि विवादों के त्वरित निपटारे के लिए प्रतिबद्ध है और अब तक 33 हजार से अधिक मामलों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को टीमवर्क के साथ काम करने और जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा।
इस दौरान अंचल अधिकारी और राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी विकास में बाधा बनेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जरूरत पड़ने पर सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवाएं ली जाएंगी।
जनसंवाद में आए मामलों में फर्जी कागज के आधार पर जमीन कब्जा, जमाबंदी में गड़बड़ी और अतिक्रमण की शिकायतें प्रमुख रहीं। कई लोगों ने घूसखोरी और दबंगों द्वारा जमीन हड़पने के आरोप भी लगाए।
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला, जब सुपौल में तैनात एक सिपाही अपनी जमीन विवाद की समस्या को लेकर डिप्टी सीएम के सामने रो पड़ा। उसने आत्महत्या की बात कही, जिस पर डिप्टी सीएम ने उसे समझाया और मामले में तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डिप्टी सीएम ने जनता से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए आगे आएं और किसी से डरें नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह जनता के साथ खड़ी है और भूमि विवादों को खत्म करने के लिए ऐसे संवाद कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।



