पटना: मनेर थाना का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना, 23 मार्च 2026: नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने रविवार को मनेर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना के विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, CCTNS प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों एवं लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की गई।

एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

इसके साथ ही, क्षेत्र में सक्रिय गश्ती बढ़ाने, सूचना संग्रह तंत्र को और मजबूत करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

आगामी चैती छठ और रामनवमी पर्व को देखते हुए एसपी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनी रहे।

इस निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।



