बिहारबिहारशरीफब्रेकिंग न्यूज़

शहीद जगदेव प्रसाद एवं महाराज छीता पासी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

बिहारशरीफ (नालंदा):
बिहारशरीफ के आनंद मार्ग ब्लॉक चौक पर रविवार को अति पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा एवं फुटपाथ संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में शहीद जगदेव प्रसाद एवं महाराज छीता पासी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अति पिछड़ा/दलित/अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फुटपाथ संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामदेव चौधरी ने कहा कि शहीद जगदेव प्रसाद बिहार के एक क्रांतिकारी राजनेता थे, जिन्हें “बिहार का लेनिन” कहा जाता है। उन्होंने शोषित-वंचित समाज को राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का ऐतिहासिक कार्य किया।

उन्होंने बताया कि जगदेव प्रसाद का जन्म 2 फरवरी 1922 को जहानाबाद जिले के कुर्था प्रखंड अंतर्गत कुरहारी गांव में हुआ था। वे निम्न मध्यवर्गीय परिवार से थे और बचपन से ही संघर्षशील व विद्रोही स्वभाव के थे। वर्ष 1967 में वे संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के टिकट पर विधायक बने और 1968 में कुछ समय के लिए उपमुख्यमंत्री भी रहे। उन्होंने शोषित दल की स्थापना कर सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा दी।
5 सितंबर 1974 को एक आंदोलन के दौरान पुलिस की गोली से उनकी शहादत हुई। उनकी स्मृति में वर्ष 2001 में भारत सरकार द्वारा डाक टिकट जारी किया गया।

वहीं महाराज छीता पासी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने बताया कि वे 12वीं सदी के एक पराक्रमी पासी राजा थे, जिन्होंने वर्तमान उत्तर प्रदेश के सीतापुर क्षेत्र में शासन किया। उन्होंने छितियापुर (वर्तमान सीतापुर) की स्थापना की और मोहलीगढ़ को अपनी राजधानी बनाया। वे न्यायप्रिय शासक और वीर योद्धा के रूप में जाने जाते थे। आज भी सीतापुर में उनके किले के अवशेष मौजूद हैं, जहां उनकी प्रतिमा स्थापित है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के विचारों और संघर्षों को अपनाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर जिला महासचिव उमेश पंडित, फुटपाथ संघर्ष मोर्चा के महासचिव महेंद्र प्रसाद, अखिल भारतीय धोबी समाज के नेता विनोद रजक, सोनू रजक, सुरेंद्र शर्मा, चंदन कुमार, चमार रेजीमेंट के जिला अध्यक्ष राकेश बौद्ध सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
— रिपोर्ट: रामदेव चौधरी
राष्ट्रीय अध्यक्ष,
अति पिछड़ा/दलित/अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा

Related Articles

Back to top button