बिहार में 1 नवंबर तक भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा, मोंथा का कहर! इन 25 जिलों में अलर्ट
एम ए न्यूज डेस्क: नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना: बिहार में चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है. बुधवार को कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि गुरुवार को मौसम विभाग ने 25 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. यह तूफान बंगाल की खाड़ी से शुरू होकर उत्तर की ओर बढ़ा और अब राज्य में निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में सक्रिय है.
ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा और सुपौल जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है. वहीं वैशाली, मुजफ्फरपुर, सहरसा, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और शिवहर सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है. इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
बुधवार की बारिश को हुई जोरदार बारिश
बुधवार को पटना समेत 15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. देर रात अररिया और मधुबनी में जोरदार वर्षा हुई, जबकि गोपालगंज, आरा, नालंदा, सुपौल, भागलपुर, छपरा और लखीसराय में बूंदाबांदी देखी गई. इससे सड़कें गीली हो गईं और यातायात प्रभावित रहा.
तूफान की वर्तमान स्थिति
मोंथा’ मंगलवार सुबह बंगाल की खाड़ी में प्रबल चक्रवात बना और आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम तट से टकराया. इसके बाद यह ओडिशा व छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड पहुंचा और बिहार में प्रवेश किया. यहां पहुंचते-पहुंचते इसकी तीव्रता कम होकर लो प्रेशर एरिया में बदल गई.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
गुरुवार से अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. तेज हवाओं के साथ मौसम शुष्क रहेगा और ठंड बढ़ेगी. 1 नवंबर तक बारिश व गरज के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.
लोगों के लिए सलाह और सतर्कता
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक सतर्क रहने की अपील की है. बारिश के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें. किसान फसलों की सुरक्षा करें और वाहन चालक सावधानी बरतें.
राज्यव्यापी प्रभाव और तैयारी
पूरे बिहार में तूफान का असर दिख रहा है, जिससे दैनिक जीवन पर असुविधा हो रही है. प्रशासन ने राहत टीमों को तैयार रखा है और स्कूलों में छुट्टी की संभावना जताई जा रही है. मौसम की यह करवट सर्दी की शुरुआत का संकेत दे रही है.


