भ्रामक ख़बरों पर भी रखी जाएगी नजर,सात निश्चय-3 की जानकारी घर-घर पहुंचाएगा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग
एम ए न्यूज डेस्क: नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय-3’ योजना के प्रचार-प्रसार को लेकर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने कमर कस ली है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी राज्य के हर घर तक प्रभावी ढंग से पहुंचनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं और अफवाहों का तुरंत खंडन करने पर भी जोर दिया
विकसित बिहार की 15 थीम पर विशेष फोकस
सूचना भवन में आयोजित बैठक के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि विभाग सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स (फेसबुक, यूट्यूब, एक्स, इंस्टाग्राम) का व्यापक इस्तेमाल कर रहा है। इसके साथ ही आउटडोर होर्डिंग्स और इन्फ्लूएंसर्स की भी मदद ली जा रही है। विभाग मुख्य रूप से 15 थीम पर काम कर रहा है, जिसमें रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था और पुलिस आधुनिकीकरण और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन शामिल हैं।
अफवाहों पर लगाम और जनता का फीडबैक
समीक्षा बैठक में बताया गया कि विभाग केवल सूचनाएं प्रसारित ही नहीं कर रहा, बल्कि गलत खबरों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई भी सुनिश्चित करता है। प्राकृतिक आपदा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में भी विभाग की भूमिका अहम है। इसके अलावा, जनता से मिल रहे फीडबैक को भी सरकार तक पहुंचाया जाता है ताकि योजनाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
पत्रकारों के कल्याण के लिए चल रही योजनाएं
मंत्री विजय चौधरी ने विभाग द्वारा संचालित पत्रकार कल्याण योजनाओं की भी जानकारी ली। इनमें मुख्य रूप से बिहार राज्य पत्रकार सम्मान पेंशन योजना, बिहार राज्य पत्रकार बीमा योजना, पत्रकारों का प्रमाणीकरण और डायरी-कैलेंडर का प्रकाशन शामिल हैं।
हर विभाग में तैनात हुए जनसंपर्क अधिकारी
बैठक में सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि राज्य के सभी विभागों में जनसंपर्क को बेहतर बनाने के लिए जनसंपर्क अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी नियमित प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से सरकारी सूचनाओं का तथ्यात्मक प्रसार कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में निदेशक अनिल कुमार, अपर सचिव राजीव कुमार सिंह, विधुभूषण चौधरी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


