खिरीमोड़ थाना का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस कार्यप्रणाली की हुई समीक्षा
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना पश्चिमी क्षेत्र अंतर्गत खिरीमोड़ थाना का वार्षिक निरीक्षण आज दिनांक 28 दिसंबर 2025 को नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना भानु प्रताप सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की संपूर्ण कार्यप्रणाली और अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, सीसीटीएनएस प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों तथा विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यह भी देखा कि रिकॉर्ड संधारण एवं प्रशासनिक कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।

निरीक्षण के क्रम में लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विशेष रूप से जोर दिया गया। नगर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने, तय समयसीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आम जनता को त्वरित और निष्पक्ष न्याय दिलाना है। इसके लिए थाना स्तर पर कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जनता से बेहतर संवाद और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।


