पूर्वी पटना में जनता दरबार सह भ्रमण कार्यक्रम, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना: पूर्वी क्षेत्र में पुलिस–जनता संवाद को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से 30 दिसंबर 2025 की संध्या नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना परिचय कुमार द्वारा परसाबाजार थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को सीधे सुना गया।

जनता दरबार में क्षेत्रवासियों ने भूमि विवाद, घरेलू झगड़े, असामाजिक तत्वों की गतिविधि, यातायात से जुड़ी परेशानियों सहित कई मुद्दों को वरीय पुलिस पदाधिकारी के समक्ष रखा। नगर पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को त्वरित एवं विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

परिचय कुमार ने थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा भी की और पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार जैसे कार्यक्रमों से पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास बढ़ता है तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहयोग मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने अपने सुझाव भी साझा किए, जिन पर अमल करने का भरोसा पुलिस प्रशासन की ओर से दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

जनता दरबार सह भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्वी पटना क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग, शांति व्यवस्था बनाए रखना और पुलिस–जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।


