इमामगंज थाना का वार्षिक निरीक्षण, कार्यप्रणाली व लंबित कांडों की हुई समीक्षा
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना जिले के इमामगंज थाना का वार्षिक निरीक्षण सोमवार को नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानूप्रताप सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की संपूर्ण कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण और प्रशासनिक व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया गया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, सीसीटीएनएस प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों के साथ-साथ विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों के संधारण में पारदर्शिता और अद्यतन व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण करने और विवेचना में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अनुसंधान की गति और निष्पक्षता से ही आम जनता को त्वरित और प्रभावी न्याय मिल सकता है।

नगर पुलिस अधीक्षक भानूप्रताप सिंह ने थाना कर्मियों को जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करने, सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने आम लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया।

अपराध की रोकथाम और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने तथा वाहन जांच अभियान को नियमित और सख्त तरीके से चलाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के अंत में नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।



