पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

जनता दरबार सह भ्रमण कार्यक्रम के तहत बिक्रम थाना का निरीक्षण

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पश्चिमी क्षेत्र, पटना में पुलिस–जनता संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार 7 जनवरी 2026 को जनता दरबार सह भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना भानु प्रताप सिंह द्वारा बिक्रम थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में जनता दरबार आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को सीधे सुना गया।


जनता दरबार में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित हुए, जिन्होंने भूमि विवाद, आपसी झगड़े, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और पुलिस से संबंधित विभिन्न समस्याएं व सुझाव नगर पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखे। भानु प्रताप सिंह ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को त्वरित और विधि-सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए।


उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा की और पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता दरबार जैसे कार्यक्रमों से पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास बढ़ता है और क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर थाना के सभी वरीय एवं कनिष्ठ पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button