दुल्हिनबाजार थाना का वार्षिक निरीक्षण, नगर पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानूप्रताप सिंह द्वारा दुल्हिनबाजार थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की संपूर्ण कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया गया। इस क्रम में थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, CCTNS प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों एवं विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की विस्तार से समीक्षा की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक ने अभिलेख संधारण की स्थिति की जांच करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर जांच पूरी की जाए। साथ ही पारदर्शिता बनाए रखते हुए आम जनता को त्वरित और निष्पक्ष न्याय दिलाने को प्राथमिकता देने की बात कही।

भानूप्रताप सिंह ने थाना कर्मियों को सतर्कता, जनसेवा और कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपराध की रोकथाम एवं विधि-व्यवस्था संधारण को और मजबूत करने के लिए रात्रि गश्ती एवं वाहन जांच को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।


