
राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में हुई लूटपाट की एक सनसनीखेज घटना अब हत्या में तब्दील हो गई है। 20 मार्च 2026 को सोरंगपुर मंदिर के पास गली में पांच अपराधियों ने तीन लोगों को निशाना बनाया। इस दौरान एक युवक के सीने में चाकू मार दिया गया, जबकि दो अन्य के साथ मारपीट कर उनसे मोबाइल और नकदी लूट ली गई।

घायल युवक की पहचान शब्बू कुमार उर्फ शहिल कुमार के रूप में हुई, जिन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 21 मार्च को उनकी मौत हो गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया। सदर-02 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में महज 12 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटे गए 5200 रुपये, खून से सना चाकू, दो महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन और खून लगी टी-शर्ट बरामद की है। बरामद मोबाइल की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ सिंह, विशाल कुमार, लकी कुमार और संतोष कुमार शामिल हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों में भरोसा भी बढ़ा है। पुलिस ने साफ कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



