पटना में मासिक अपराध समीक्षा बैठक, SSP ने दिए सख्त निर्देश
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी नगर पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

बैठक के दौरान मार्च माह में दर्ज मामलों, लंबित कांडों और गंभीर अपराधों की प्रवृत्ति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए समन्वित और सक्रिय कार्ययोजना के तहत कार्य करने के निर्देश दिए गए।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, पॉक्सो एक्ट और अन्य जघन्य अपराधों से जुड़े मामलों में गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंट और कुर्की आदेशों के त्वरित निष्पादन तथा जब्ती की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने पर बल दिया गया।

इसके अलावा अवैध हथियारों की बरामदगी, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध और संगठित अपराधों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस पदाधिकारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने, सूचना तंत्र मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में कहा गया कि इन निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए



