कैरियरपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पटना मेट्रो परियोजना में तेजी लाने का निर्देश, 11 सैटेलाइट टाउनशिप के विकास पर भी जोर : मुख्यमंत्री

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना, 02 मई 2026 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में पटना मेट्रो रेल परियोजना, ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना और जे०पी० गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटना मेट्रो रेल परियोजना और राज्य में प्रस्तावित नए टाउनशिप की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने पटना मेट्रो परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक चुनौतियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। साथ ही विभिन्न कारणों से परियोजना लागत में वृद्धि और निर्माण कार्य में हो रही देरी के संबंध में भी जानकारी दी गई।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण कार्य में जो भी बाधाएं हैं, उन्हें जल्द दूर किया जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि आम जनता को जल्द बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

बैठक में राज्य में शहरीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने इन टाउनशिप के विकास से जुड़ी वैधानिक प्रक्रियाओं और वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन टाउनशिप के विकास कार्यों को चरणबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में पटना एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रस्तावित पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (PRT) पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रणाली एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को निर्बाध और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने इस प्रणाली को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने जे०पी० गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना की जानकारी दी। यह परियोजना दीघा से सभ्यता द्वार (गांधी मैदान) तक लगभग 6 किलोमीटर लंबी होगी और इसे 25 सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना में पार्किंग, उद्यान, पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, छह खेल मैदान, महिला हाट और शहरी समूह जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना शहर के लिए महत्वपूर्ण होगी और इसे पर्यावरण के अनुकूल तथा योजनाबद्ध तरीके से समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्किंग और खेल मैदान जैसी सुविधाओं का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि लोग आसानी से उनका उपयोग कर सकें।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जे०पी० गंगा पथ पर पहुंचकर परियोजना स्थल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने दीघा, एल०सी०टी० घाट और बांस घाट का दौरा कर प्रस्तावित विकास कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सौंदर्यीकरण और विकास कार्य इस प्रकार किए जाएं कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और वे सुविधाओं का बेहतर आनंद उठा सकें।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button