नालंदा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में नगरनौसा थाना पुलिस ने अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजितपुर गांव में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने किराए के मकान में चल रही इस फैक्ट्री से देसी कट्टा बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण और सामग्री बरामद की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 1 मई को पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दो संदिग्ध हथियार तस्करों—महेश यादव और सदन प्रसाद—को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से देसी कट्टा और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले बैरल बरामद हुए थे। पूछताछ के दौरान सदन प्रसाद ने खुलासा किया कि ये बैरल नगरनौसा थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में रह रहे कृष्णा विश्वकर्मा द्वारा तैयार किए जाते थे।

सूचना के आधार पर नगरनौसा पुलिस ने बच्चू महतो के मकान में छापेमारी कर कृष्णा विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, लोहे के बैरल, रेंच, छैनी, हथौड़ी, स्प्रिंग और कट्टा बॉडी सेट समेत 27 प्रकार के उपकरण बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कृष्णा विश्वकर्मा पहले भी अवैध हथियार निर्माण के मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में कई मामले दर्ज हैं। इस संबंध में नगरनौसा थाना कांड संख्या 108/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस का कहना है कि इस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।



