पटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ पटना पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ कुल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किए हैं।
पहली कार्रवाई भगवानगंज थाना क्षेत्र के समस्तीचक गांव के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि फील्ड में दो व्यक्ति अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मसौढ़ी-2 और भगवानगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर छापेमारी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी थ्रीनट और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
वहीं दूसरी कार्रवाई बाईपास थाना क्षेत्र के डॉक्टर कॉलोनी में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में कुछ अपराधी अवैध हथियारों से लैस होकर पार्टी कर रहे हैं और लूट या डकैती की वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की और तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
इस दौरान पुलिस ने दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, तीन मैगजीन, 24 जिंदा कारतूस, 5.58 लीटर विदेशी शराब, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद कीं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है।
दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन कार्रवाइयों का उद्देश्य अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और संभावित आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।



