फुलवारीशरीफ में अवैध हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: फुलवारीशरीफ थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि नौसा स्थित मरियम अपार्टमेंट के मालिक के साथ कुछ लोग अवैध हथियार का भय दिखाकर रंगदारी की मांग कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी की।
नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, पटना के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक दानापुर-01 के नेतृत्व में फुलवारीशरीफ थाना पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने नौसा स्थित मरियम अपार्टमेंट के पास पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही दो संदिग्ध मौके से भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल की मदद से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौहराब अली, पिता मोहम्मद रुस्तम अली, निवासी करुणा, थाना रघुनाथपुर, जिला सिवान और मोहम्मद ताबिस, पिता मोहम्मद इस्माइल, कर्बला रोड, फुलवारीशरीफ, पटना के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों की तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर पता चला कि प्लॉट को लेकर आपसी विवाद में किसी अन्य व्यक्ति को मामले में शामिल करते हुए घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस अब इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
इस मामले में फुलवारीशरीफ थाना कांड संख्या 1427/26 और 1428/26 के तहत आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में फुलवारीशरीफ थाना के पुनि सह थानाध्यक्ष गुलाम शहबाज आलम, एसआई सुरेंद्र कुमार, एसआई आकाश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।



