छठ महापर्व को लेकर पटना पुलिस अलर्ट, हल्दी छपरा घाट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पटना पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में 11 नवंबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी, दानापुर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (दानापुर-02), पटना द्वारा मनेर थाना क्षेत्र के हल्दी छपरा घाट का भौतिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाट तक पहुंचने वाले रास्तों, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।



