पटना में दो थानों का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर SDPO ने दिए निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: राजधानी पटना में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार, 11 नवंबर 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था-02), पटना सुषमा सागर ने दीघा एवं पाटलिपुत्रा थाना का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों थानों में दर्ज कांडों के अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही पूर्व से लंबित मामलों और हाल के दिनों में सामने आई संवेदनशील घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कांडों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने और मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया।इसके अलावा अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, आगामी छठ महापर्व को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण और श्रद्धालुओं की भीड़ के बेहतर प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को छठ पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के साथ लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाना और आगामी छठ महापर्व के दौरान शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल बनाए रखना है।



