पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

21 नवंबर को बिहार आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, करेंगे ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण; वैशाली में तैयारियों का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिया जायजा

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना/वैशाली। बिहार में विकास परियोजनाओं को लेकर 21 नवंबर का दिन बेहद खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। प्रधानमंत्री इस अवसर पर राज्य की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 18 नवंबर को वैशाली जिले का दौरा किया और कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले राघोपुर के रुस्तमपुर स्थित नवनिर्मित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने छह लेन पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच बनाए जा रहे प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने राजापाकर स्थित बनारसी चौक और जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र के जाफरपट्टी में बनाए जा रहे मुख्य कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।

नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया ‘नीतीश सेतु’ नाम

निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आएंगे और छह लेन पुल को जनता को समर्पित करेंगे। इस कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राघोपुर सहित पूरे बिहार की जनता प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इलाका लंबे समय तक विकास से अछूता रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण काम किया। कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल का डीपीआर वर्ष 2012 में तैयार हुआ था और वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। वर्ष 2026 में पुल का निर्माण कार्य पूरा हुआ।

सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने इस पूरे इलाके की जरूरतों को समझते हुए पुल निर्माण की पहल की थी। उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज-अगवानी पुल को भी वर्ष 2013 में नीतीश कुमार ने स्वीकृति दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी और गर्व है कि छह लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है और यह नामकरण उनके प्रति सरकार की ओर से एक छोटा-सा सम्मान है।

यातायात से लेकर सुरक्षा तक, हर व्यवस्था पर मुख्यमंत्री की नजर

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए मुख्य कार्यक्रम स्थल के समीप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रस्तुतीकरण में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, कार्यक्रम स्थल के मानचित्र, हेलीपैड, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश द्वार, यातायात प्रबंधन और आम लोगों के आवागमन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, क्रेन, सुरक्षा जांच और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाओं पर भी चर्चा हुई।

पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम स्थल और आसपास के रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों से अवगत कराया। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे।

अधिकारियों को मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभा स्थल तक पहुंचने के लिए सुगम और व्यवस्थित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वाहनों का परिचालन भी सुचारू रहे और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दिन सभा स्थल तक संपर्कता प्रदान करने वाले मुख्य मार्गों को खाली रखा जाए, ताकि लोगों के आने-जाने में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने पर्याप्त संख्या में प्रवेश द्वार बनाने और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल और आपातकालीन सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा।

कई मंत्री और वरीय अधिकारी रहे मौजूद

इस निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, विशेष सुरक्षा के पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, तिरहुत प्रक्षेत्र के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा, जिलाधिकारी वर्षा सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अब सबकी नजर 21 नवंबर पर टिकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे और ‘नीतीश सेतु’ के लोकार्पण को लेकर वैशाली में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह पुल राघोपुर समेत आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button