बिहारबिहारशरीफब्रेकिंग न्यूज़

बिहारशरीफ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस, बाबा साहेब की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट।

बिहारशरीफ (नालंदा): संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बिहारशरीफ के देवीसराय चौक पर अतिपिछड़ा/दलित/अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा एवं फुटपाथ संघर्ष मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्प अर्पित किए गए और संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बाबा साहेब द्वारा बताई गई 22 प्रतिज्ञाओं का पाठ भी किया गया।

इस अवसर पर अतिपिछड़ा/दलित/अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदेव चौधरी एवं संस्थापक बलराम साहब ने संयुक्त रूप से कहा कि संविधान दिवस भारत की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। 26 नवंबर का दिन संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करने के साथ-साथ नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को बनकर तैयार हुआ था और 26 जनवरी 1950 को इसे देश में लागू किया गया। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और मौलिक अधिकारों को संविधान में विशेष स्थान दिलाने में अहम योगदान दिया। उनका उद्देश्य ऐसा भारत बनाना था, जहां जाति, धर्म, लिंग और सामाजिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक ऐतिहासिक तारीख नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता और सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का दिन है। संविधान प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार देने के साथ उसके कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।

कार्यक्रम में जिला महासचिव उमेश पंडित, फुटपाथ संघर्ष मोर्चा के जिला महासचिव महेंद्र प्रसाद, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद रजक, लालती देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के विचारों और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button