नालंदा में संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक, MSP की कानूनी गारंटी समेत कई मांगों पर चर्चा
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट।

बिहारशरीफ के बारादरी स्थित रॉयल पैलेस होटल में रविवार को संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर कानूनी गारंटी, किसानों को मुफ्त बिजली, बेहतर बीज और खाद उपलब्ध कराने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में किसान नेताओं ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन के बाद केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानून वापस लिए थे, लेकिन किसानों की कई प्रमुख मांगें अब भी लंबित हैं। नेताओं ने किसान कर्ज, फसल का उचित मूल्य, फसल बीमा, दाखिल-खारिज और जमाबंदी जैसी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया।

बैठक में देश में चल रहे जन आंदोलनों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अगली बैठक 28 सितंबर को राहुई प्रखंड में थाने के पास मंदिर परिसर में सुबह 11 बजे आयोजित करने की जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता किसान नेता परमेश्वर प्रसाद ने की। इस दौरान रामदेव चौधरी, चंद्रशेखर प्रसाद, अनिल पासवान, रंजीत कुमार चौधरी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।



