छठ महापर्व को लेकर पटना पुलिस अलर्ट, पुनपुन के विभिन्न छठ घाटों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पटना पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में 14 नवंबर 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मसौढ़ी-02, पटना एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा पुनपुन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न छठ घाटों का भौतिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही घाटों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसे लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशासन की प्राथमिकता है कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिले।

पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।



