ब्रेकिंग न्यूज़पटनाबिहार

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लगाया गंभीर आरोप, कहा सुप्रीम कोर्ट की सलाह को भी नहीं माना जा रहा

पटना ( एम ए न्यूज डेस्क ) SIR को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है. इसी बीच बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का हमलोग विरोध नहीं कर रहे हैं. हम चुनाव आयोग की प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं. लोगों के नाम कट गए लेकिन कोई बताने वाला नहीं है कि नाम काटा तो क्यों काटा?

”सुप्रीम कोर्ट की सलाह को भी चुनाव आयोग नहीं मान रहा है. कह रहा है कि वह संवैधानिक संगठन है. उसका वह दुरुपयोग कर रहा है. सुप्रीम कोर्ट में हम लोग मजबूती से अपनी बात को रखेंगे.

तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष बिहार विधानसभा

विशेष राज्य का दर्जा नहीं.. नाम काटा जा रहा

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा तो नहीं मिला, लेकिन वोटर लिस्ट निरीक्षण कर लोगों का नाम जरूर काटा जा रहा है. चुनाव आयोग को बताना होगा कि किस परिस्थिति में किसका नाम काटा गया है. चुनाव आयोग यह भी स्पष्ट करे कि कितने लोगों का नाम वोटर लिस्ट में दो-दो जगह पर हैं. इन सब बातों को स्पष्ट नहीं किया जा रहा है इसीलिए हम लोग उसका विरोध कर रहे हैं.

हालत देख लीजिए, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का नाम वोटर लिस्ट में दो-दो जगह है. हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया तो लोगों को पता चला. ठीक है उनको नोटिस जारी किया गया है. पर विजय सिन्हा ने चुनाव आयोग को ही कटघरे में सीधे तौर पर खड़ा कर दिया है.

तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष बिहार विधानसभा

राहुल गांधी के सवालों का जवाब नहीं

तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग जनता के बीच जाएंगे और बताएंगे कि चुनाव आयोग क्या-क्या कर रहा है. हम शुरू से कहते रहे हैं कि यह चुनाव आयोग नहीं मोदी आयोग बनकर रह गया है. लगातार इसके प्रमाण भी सामने आ रहे हैं. राहुल गांधी खुद इसका प्रमाण दे चुके हैं, फिर भी चुनाव आयोग हम लोगों की बातों का जवाब नहीं देता है.

जनता को वास्तविक्ता बताएंगे

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने के नाम पर केंद्र और राज्य सरकार दोनों चुप है. बिहार में अपराध बढ़ रहा है, लेकिन सत्ता में बैठे हुए कोई लोग इसकी चर्चा नहीं कर रहे हैं. ऐसे में हम लोगों के पास एक ही रास्ता है कि जनता के पास जाएंगे और उन्हें वास्तविक्ता बताएंगे.

तेजस्वी यादव ने कहा कि 17 अगस्त से हम लोगों का वोट अधिकार यात्रा है. हम लोग वोट अधिकार यात्रा के जरिए लोगों को जागरूक करेंगे. अपराध, भ्रष्टाचार के साथ-साथ बिहार में जो स्थिति है उसके बारे में भी हम लोग सीधे जनता से बात करेंगे. राहुल गांधी के साथ-साथ इंडिया गठबंधन के कई लोग इसमें शामिल होंगे.

Related Articles

Back to top button