फुलवारी शरीफ में मां दुर्गा का भव्य विसर्जन, भक्तों में दिखा उत्साह और भक्ति
एम ए न्यूज डेस्क: नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना के फुलवारी शरीफ विधानसभा क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ किया गया। सकराईचा के समीप पुनपुन घाट पर विभिन्न स्थानों से मां की प्रतिमाएं लाई गईं और भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर आरती गाते हुए प्रतिमा का विसर्जन किया। गंजपर, नदियावा, धनधना चक चिलबिल्ली, पलगा समेत कई जगहों पर प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिनका विसर्जन पुनपुन घाट पर किया गया।

विसर्जन यात्रा में डीजे पर बजते भक्ति गीतों और झूमते-गाते श्रद्धालुओं का मनमोहक दृश्य देखने को मिला। जगह-जगह भक्त माता के जयकारे लगाते दिखे। बच्चे और महिलाएं भी इस उत्सव में शामिल होकर माता की विदाई में शामिल हुए। हालांकि बीच-बीच में हुई बारिश ने श्रद्धालुओं को कुछ कठिनाइयां दीं, लेकिन माता की भक्ति में लीन लोगों ने सभी परेशानियों को भुलाकर उल्लास के साथ उत्सव मनाया।

परसा बाजार थाना पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। पुलिसकर्मियों ने घाट पर भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण सहयोग किया, जिससे विसर्जन शांति और सुगमता से संपन्न हुआ।

भक्तों ने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से ही कठिन हालात के बावजूद हर ओर उत्साह और ऊर्जा बनी रही। कई श्रद्धालु परिवारों समेत घाट पहुंचे और माता की आरती कर भावपूर्ण विदाई दी। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा और भक्तों की आस्था ने बारिश जैसी मुश्किलों को भी उत्सव में बदल दिया।


