ब्रेकिंग न्यूज़पटनाबिहार

“चुनाव के ऐलान से पहले पटना में दौड़ी मेट्रो — मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिखाई हरी झंडी, कल से आम जनता कर सकेगी सफर।”

एम ए न्यूज डेस्क: के साथ नीरज कुमार पटना से।

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले राजधानी पटना को बड़ी सौगात मिली है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पहले फेज में यह मेट्रो आईएसबीटी से भूतनाथ रोड के बीच चलेगी, जिसमें कुल तीन स्टेशन शामिल हैं। यह ट्रैक लगभग 4.5 किलोमीटर लंबा है।

न्यू आईएसबीटी से जीरो माइल का किराया 15 रुपये तय किया गया है, जबकि न्यू आईएसबीटी से भूतनाथ स्टेशन तक सफर का किराया 30 रुपये होगा।
पटना मेट्रो सेवा आम यात्रियों के लिए कल यानी 7 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। मेट्रो 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। संचालन का समय सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक रहेगा।

सेवा की शुरुआत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेली रोड पर मेट्रो की छह अंडरग्राउंड टनल का भी शिलान्यास किया।
इस दौरान कार्यक्रम की कवरेज करने पहुंचे कुछ मीडिया कर्मियों और पुलिसकर्मियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई।

फिलहाल पटना मेट्रो में तीन बोगियां हैं। हर बोगी में 360 डिग्री का सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। दो इमरजेंसी बटन और एक माइक भी लगाया गया है।
आपात स्थिति में यात्री इमरजेंसी बटन दबाकर सीधे ड्राइवर से बात कर सकते हैं। कैमरे की लाइव फीड कंट्रोल रूम को भेजी जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।

तीनों बोगियों में 138 यात्री बैठ सकते हैं, जबकि 945 यात्री खड़े होकर सफर कर सकेंगे।
गौरतलब है कि पटना मेट्रो का पहला ट्रायल रन 3 सितंबर को हुआ था, जब डिपो के अंदर 800 मीटर लंबे ट्रैक पर इसे सफलतापूर्वक दौड़ाया गया था।
इसके बाद 7 सितंबर को तीन कोच वाली मेट्रो ने डिपो से निकलकर आईएसबीटी स्टेशन से भूतनाथ स्टेशन तक 3.6 किलोमीटर का सफर तय किया था।

ट्रायल के दौरान मेट्रो की स्पीड, सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रैक की सुरक्षा की गहन जांच की गई थी। तकनीकी गड़बड़ियों को भी ठीक किया गया।
अब जब मेट्रो सेवा औपचारिक रूप से शुरू हो गई है, पटना के लोगों के लिए यह सार्वजनिक परिवहन का नया और आधुनिक विकल्प साबित होगा

Related Articles

Back to top button