पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पटना (पश्चिमी क्षेत्र) नौबतपुर थाना में जनता दरबार सह भ्रमण कार्यक्रम, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पुलिस–जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और प्रभावी पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से पश्चिमी क्षेत्र, पटना में जनता दरबार सह भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज दिनांक 02 जनवरी 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना भानु प्रताप सिंह द्वारा नौबतपुर थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को सीधे सुना गया।

जनता दरबार में विभिन्न गांवों और मोहल्लों से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपसी झगड़े, चोरी, मारपीट, यातायात एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को नगर पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा। भानु प्रताप सिंह ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेखों, लंबित मामलों की स्थिति, विधि-व्यवस्था, गश्ती व्यवस्था, फरियादियों से व्यवहार तथा साफ-सफाई की भी समीक्षा की गई। नगर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील और मित्रवत व्यवहार बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनता दरबार जैसे कार्यक्रमों से आम लोगों को अपनी बात सीधे वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे पारदर्शिता बढ़ती है और पुलिस–जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पश्चिमी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button