नालंदा में पीड़िता से मिला संघर्ष मोर्चा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट

अतिपिछड़ा/दलित/अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने नूरसराय प्रखंड के अजयपुर गांव पहुंचकर पीड़िता एवं उसके परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

ज्ञात हो कि दिनांक 26 मार्च 2026 को संध्या लगभग 7:00 बजे एक अतिपिछड़ा वर्ग की महिला किराना दुकान से राशन लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे जबरन पकड़ लिया और अमानवीय व्यवहार करते हुए अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। इस कृत्य ने न केवल महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाई, बल्कि समाज को भी शर्मसार किया है।
प्रतिनिधिमंडल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह घटना महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। उन्होंने पीड़िता की स्थिति का जायजा लेते हुए पाया कि पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है और अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रहा है।

प्रतिनिधियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना 26 मार्च की है, लेकिन पीड़िता का मेडिकल परीक्षण 1 अप्रैल 2026 को कराया गया, जो गंभीर चिंता का विषय है। इससे यह संदेह उत्पन्न होता है कि कहीं प्रशासन अपराधियों को बचाने का प्रयास तो नहीं कर रहा है।
मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि:
मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए
दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए
पीड़िता एवं उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए
इस प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदेव चौधरी, जिला महासचिव उमेश पंडित, महेंद्र प्रसाद, सुबोध कुमार उर्फ प्रमोद कुमार, छोटे पंडित, अवधेश पंडित, डॉ. भीमराव अंबेडकर संघर्ष विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना पासवान सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
रामदेव चौधरी
राष्ट्रीय अध्यक्ष
अतिपिछड़ा/दलित/अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा



