अरवल में हाजत में मौत से मचा बवाल… शराबबंदी के बीच पुलिस पर लगे गंभीर आरोप!
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट

अरवल: बिहार के अरवल जिले के हैबतपुर गांव में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। मृतक की पहचान अनिल सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है। आरोप है कि शराब पीने के संदेह में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और हाजत में कथित तौर पर इतनी पिटाई की गई कि उनकी मौत हो गई।
इस घटना को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि शराबबंदी कानून की आड़ में निर्दोष और गरीब लोगों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया जा रहा है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि पैसे नहीं देने पर हिरासत में थर्ड डिग्री टॉर्चर किए जाने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस और प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया या जांच रिपोर्ट का इंतजार है। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक हिरासत में मौत का मामला है या फिर शराबबंदी कानून के अमल पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं? इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।



